
राजधानी लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में छूट के नाम पर एक्सपायर्ड कॉस्मेटिक सामान बेचने का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। 18 जुलाई की शाम करीब 7:30 बजे पारा निवासी युवती अपनी सहेली के साथ एक कॉस्मेटिक स्टोर पर खरीदारी करने गई थी। दुकान पर उत्पादों पर भारी डिस्काउंट दिया जा रहा था। सामान देखने के दौरान युवती की नजर उत्पादों और हेयर मास्क पर पड़ी, जहां एक्सपायरी डेट के लेबल में कथित रूप से छेड़छाड़ की गई थी।
विरोध करने पर भड़का दुकान मालिक, 112 पर दी गई सूचना
एक्सपायर्ड सामान बेचे जाने की पोल खुलते ही पीड़िता ने तुरंत इसका विरोध जताया और पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर कॉल करके शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने फोन पर ही दुकान मालिक से बात की, जिससे तिलमिलाया आरोपी आपा खो बैठा। आरोप है कि कॉल कटते ही दुकान मालिक युवती से अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगा और उसके साथ बदसलूकी शुरू कर दी।
वीडियो बनाने पर मारपीट, बाल पकड़कर जमीन पर पटका
जब पीड़िता ने आरोपी की करतूत का वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू किया, तो दुकान मालिक ने अपने कर्मचारियों को भड़का दिया। इसके बाद कर्मचारियों ने दबंगई दिखाते हुए युवती पर हमला कर दिया। पीड़िता के बाल खींचकर उसे जमीन पर गिरा दिया गया और बीच-बचाव करने आई उसकी सहेली के साथ भी जमकर धक्का-मुक्की की गई। इतना ही नहीं, दबंगों ने दोनों युवतियों को दुकान के अंदर बंधक बना लिया और उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कराया मुक्त, मुकदमा दर्ज
घटना की जानकारी मिलते ही पारा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दुकान में फंसी दोनों युवतियों को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस ने आरोपी पक्ष के कब्जे से युवती का मोबाइल वापस दिलवाया। प्रभारी निरीक्षक सुरेश सिंह के मुताबिक, पीड़िता की तहरीर पर आरोपी दुकान मालिक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
The Journalist Express – ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़ और सरकारी योजनाएं Breaking News, Government Schemes & Updates